नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को $1 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने के विजन के तहत, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) से निवेश आकर्षित करने के लिए ‘इन्वेस्ट यूपी’ ने नई दिल्ली में आयोजित ‘पीएसयू कनेक्ट समिट’ में हिस्सा लिया। इन्वेस्ट पी के पीएसयू हेड सुबोध दीक्षित के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने देश के शीर्ष सार्वजनिक उपक्रमों के प्रमुखों के साथ राज्य के बेहतरीन कारोबारी माहौल, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत समर्थन पर संवाद किया।

राउंडटेबल चर्चा और 10 से अधिक शीर्ष पीएसयू कंपनियों के साथ हुई ‘वन-टू-वन’ बैठकों के दौरान राज्य की विकासोन्मुखी शासन व्यवस्था, 36 से अधिक सेक्टोरल नीतियों और एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों व लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर के विशाल नेटवर्क को प्रस्तुत किया गया। इस चर्चा के केंद्र में हरित ऊर्जा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, मोबिलिटी और अनुसंधान जैसे उभरते क्षेत्र रहे।

बैठक में एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के सीईओ सरित माहेश्वरी ने राज्य में हरित ऊर्जा और विद्युत वितरण क्षेत्र में विस्तार की घोषणा की और सरकार के सक्रिय सहयोग की सराहना की। शहरी परिवहन को टिकाऊ बनाने की दिशा में कोच्चि मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के निदेशक श्री संजय कुमार ने बताया कि लखनऊ में गोमती नदी पर ‘वाटर टैक्सी सेवा’ शुरू करने की योजना है।

लॉजिस्टिक्स को गति देने के लिए कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन के सीएमडी संतोष कुमार झा ने मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर चर्चा की। जबकि रेलटेल कॉर्पोरेशन के निदेशक मनोज टंडन ने राज्य के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने में गहरी रुचि दिखाई। इसके अतिरिक्त, इंडियन ऑयल (IOCL) के कार्यकारी निदेशक डॉ. उमिश श्रीवास्तव ने यूपी की प्रगति की सराहना करते हुए नवीकरणीय ऊर्जा और ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के क्षेत्र में सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम में इरेडा (IREDA) के सीएमडी प्रदीप कुमार दास सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस समिट ने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा के प्रति पीएसयू नेतृत्व के बढ़ते विश्वास को रेखांकित करते हुए राज्य को भविष्य-उन्मुख निवेश के सबसे पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित किया है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal