लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित ज्यूपिटर हाल में “मोदी सरकार के 12 साल : विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत प्राकृतिक खेती विषयक प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई।

जिसका अवलोकन मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अश्वनी त्यागी, विधायक अमरेश रावत, जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, लोकभारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बिजेंद्र पाल सिंह तथा अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह ‘गप्पू’ ने किया। उन्होंने खेती की नवीन एवं जैविक पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की। इसके उपरांत प्राकृतिक खेती कार्यशाला में सहभागिता कर किसानों एवं कृषि विशेषज्ञों के विचार सुने।

डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में प्राकृतिक खेती को व्यापक प्रोत्साहन मिला है। प्राकृतिक खेती न केवल किसानों की लागत कम करती है, बल्कि भूमि की उर्वरता बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण तथा आमजन को रसायनमुक्त एवं पौष्टिक खाद्यान्न उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में प्राकृतिक खेती की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा अधिक से अधिक किसानों को इससे जुड़ना चाहिए।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्षों में किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं किसानों को नई तकनीकों और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी-अपनी प्रदर्शनी के माध्यम से प्राकृतिक खेती की विधियों, जैविक खाद एवं जीवामृत के उपयोग, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा सफल खेती के अपने अनुभव साझा किए।
मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि नगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, सीता नेगी, मंत्री पंकज सक्सेना, अर्चना साहू, शैलेन्द्र राय, किसान मोर्चा लखनऊ महानगर अध्यक्ष प्रमोद सिंह, अतुल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में किसान जन उपस्थित रहें।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal