Wednesday , June 17 2026

केंद्रीय मंत्री ने सुनी सराफा कारोबारियों की बात, HUID पर सुझावों को मिलेगा महत्व


​नई दिल्ली (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी से उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन और भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने अत्यंत सार्थक और सकारात्मक माहौल में मुलाकात की। यह महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के विशेष आग्रह पर, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की अगुवाई और उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के तत्वाधान में संपन्न हुई।

​बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीयमंत्री के समक्ष स्वर्ण आभूषणों में ‘हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन’ (HUID) की पूरी सप्लाई चेन में हस्तांतरणीयता (Transferability) से जुड़ी व्यावहारिक जटिलताओं और छोटे व्यवसायियों को आने वाली समस्याओं को प्रमुखता से रखा।

​प्रतिनिधिमंडल की चिंताओं और तर्कों को बेहद गंभीरता से सुनने के बाद केंद्रीयमंत्री प्रहलाद जोशी जी ने सराफा व्यवसायियों को बड़ी राहत देते हुए आश्वस्त किया कि वर्तमान में यह संशोधन अनिवार्य (Mandatory) नहीं हैं, बल्कि इन्हें पूरी तरह से स्वैच्छिक (Voluntary) आधार पर लागू किया जा रहा है।

​व्यापारिक हितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों से इस विषय पर अपने लिखित सुझाव और व्यावहारिक विकल्प देने का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि संगठन से विस्तृत सुझाव लेने और उन पर पूरी तरह विचार-विमर्श करने के उपरांत ही इन संशोधनों को पैन इंडिया (पूरे देश में) मैंडेटरी (अनिवार्य) किया जायेगा।