Wednesday , June 17 2026

लाला लाजपत राय वार्ड में संगीतमय सुंदरकांड पाठ संग हुआ भंडारा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार के अवसर पर लाला लाजपत राय वार्ड के पार्षद राघवराम तिवारी के नेतृत्व में कुर्सी रोड स्थित परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल तथा बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा व संतोष सिंह तथा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर आयोजन की सराहना की और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।

कार्यक्रम में राम प्रसाद यादव, अभय मिश्रा, राम गोपाल, डी.एन. पाण्डेय, हनुमान प्रसाद श्रीवास्तव, दिनेश अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल और सेवा भाव की भावना देखने को मिली। आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।