देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को उत्तराखंड पहुंच गईं।जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति आज देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन का दौरा करेंगी। यहां वे राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 13 जून को आईएमए की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगी। देहरादून स्थित भारतीय सेना अकादमी में 13 जून को आयोजित होने वाली स्प्रिंग टर्म 2026 की पासिंग आउट परेड (पीओपी) में राष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति परेड की समीक्षा करेंगी और नवप्रशिक्षित कैडेटों को सलामी देंगी।राष्ट्रपति के उत्तराखंड दौरे को देखते हुए देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है व यातायात और ड्रोन प्रतिबंध संबंधी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।इस बार की पासिंग आउट परेड कई मायनों में ऐतिहासिक मानी जा रही है। पहली बार आईएमए से महिला कैडेटों का पहला बैच प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होगा। परेड में कुल 515 कैडेट पास आउट होंगे, जिनमें 481 भारतीय और 34 मित्र देशों के कैडेट शामिल हैं।आईएमए की यह परेड भारतीय सेना की सबसे प्रतिष्ठित सैन्य परंपराओं में से एक मानी जाती है, जिसमें सफल प्रशिक्षण के बाद कैडेट अधिकारी के रूप में सेना में कमीशन प्राप्त करते हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal