लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय लोक एवं पारंपरिक कला की समृद्ध विरासत को जनसामान्य तथा युवा पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से लखनऊ स्थित कोकोरो आर्ट गैलरी में 12 जून 2026 से बंगाल की प्रसिद्ध लोकचित्र परंपरा कालीघाट पटचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन सायं 5 बजे पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह करेंगी।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ पारंपरिक लोक चित्रकार, मनोरंजन चित्रकार की लगभग 50 कालीघाट पट चित्र प्रदर्शित की जाएँगी। मनोरंजन चित्रकार पिछले तीन दशकों से अधिक समय से पटचित्र परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय हैं और देश-विदेश में अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं। प्रदर्शनी के साथ-साथ 13 एवं 14 जून 2026 को दो दिवसीय कालीघाट पटचित्र कार्यशाला का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रतिभागियों को इस पारंपरिक लोकचित्र शैली के इतिहास, तकनीक, रंग-प्रयोग तथा चित्र निर्माण की प्रक्रिया से परिचित कराया जाएगा।

कालीघाट पटचित्र बंगाल की एक महत्वपूर्ण लोकचित्र परंपरा है, जिसका विकास उन्नीसवीं शताब्दी में कोलकाता स्थित कालीघाट मंदिर के आसपास हुआ। अपनी प्रवाहमयी रेखाओं, चटख रंगों और सशक्त अभिव्यक्ति के कारण यह शैली भारतीय लोककला के इतिहास में विशेष स्थान रखती है।
इस आयोजन का संयोजन कोकोरो आर्ट गैलरी की क्यूरेटर वंदना सहगल द्वारा किया गया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य भारतीय लोक एवं पारंपरिक कला के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal