लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विज्ञान फाउंडेशन द्वारा संचालित परिवर्तन परियोजना के अंतर्गत सोमवार को इंदिरा नगर क्षेत्र में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एक नए स्किल सेंटर का उद्घाटन किया गया। केंद्र का उद्घाटन क्षेत्रीय पार्षद सुरेंद्र वाल्मीकि ने किया।
इस अवसर पर विज्ञान फाउंडेशन के प्रमुख संदीप खरे ने बताया कि परिवर्तन परियोजना का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र की किशोरियों को निःशुल्क कंप्यूटर कोर्स, सीसीसी (CCC) कोर्स तथा विभिन्न स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे रोजगार प्राप्त कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

उन्होंने बताया कि जो युवतियां पहले से किसी कार्य या स्वरोजगार से जुड़ी हुई हैं, उन्हें व्यवसायिक विकास और उद्यमिता की दिशा में मार्गदर्शन देकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। परियोजना का लक्ष्य किशोरियों में आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें स्वावलंबन की राह पर अग्रसर करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्षद सुरेंद्र वाल्मीकि ने क्षेत्र में इस प्रकार के कौशल विकास केंद्र की स्थापना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय किशोरियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगी। उन्होंने विज्ञान फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस केंद्र से क्षेत्र की बेटियों को बेहतर भविष्य बनाने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिकों तथा बड़ी संख्या में किशोरियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इस पहल को समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal