शास्त्रीय नृत्य से निखरेगी नई पीढ़ी की प्रतिभा, मनकामेश्वर वार्ड में कथक शिविर शुरू

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मनकामेश्वर वार्ड में प्रेरणाकृति फाउंडेशन द्वारा बच्चों के लिए आयोजित 10 दिवसीय कथक प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन सोमवार को वार्ड पार्षद रणजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं सांस्कृतिक परंपराओं से बच्चों को जोड़ने के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

फाउंडेशन की संयोजक प्रिया कश्यप एवं रमा राठौर की देखरेख में आयोजित इस शिविर में बच्चों को कथक नृत्य की प्रारंभिक बारीकियों एवं मूलभूत तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर में भाग लेने के लिए अब तक लगभग 50 बच्चों ने अपना पंजीकरण कराया है।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के पदाधिकारी, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले बच्चे एवं उनके अभिभावकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि शिविर के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति, कला एवं शास्त्रीय नृत्य के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।