देशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, वोवीनाम तकनीकों ने मोहा मन

वोवीनाम नेशनल टेक्निकल सेमिनार संपन्न, उत्कृष्ट प्रशिक्षकों को मिला सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय तकनीकी सेमिनार का समापन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीरज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण के लिए वियतनाम से आए वर्ल्ड वोवीनाम फेडरेशन के टेक्निकल डायरेक्टर मास्टर न्यूगयन हक एवं फैम ची को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को ट्रेनिंग डिप्लोमा प्रमाणपत्र वितरित किए तथा मास्टर्स चैंपियनशिप का शुभारंभ किया।

वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग ने बताया कि प्रशिक्षक श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाराष्ट्र के शंकर महाबले, मणिपुर के देवेन मोएरंथम, तमिलनाडु के शिफू पांचा, उत्तराखंड के विनोद लखेरा, जम्मू-कश्मीर के बृजेश कुमार भाऊ, असम के मिलन ज्योति, उत्तर प्रदेश के प्रशांत सिंह, राजस्थान के कुशल लेखराज, ऋषि पाल, भारती, उत्तराखंड के देवेंद्र सिंह रावत तथा छत्तीसगढ़ के गोपाल यादव को ‘बेस्ट परफॉर्मर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कर्नाटक, राजस्थान, असम, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश से आए खिलाड़ियों ने वोवीनाम की विभिन्न तकनीकों का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने किक, पंच, लॉक, डिफेंस तकनीकों तथा विशेष रूप से हवा में डाइविंग किक और सीजर थ्रो तकनीक का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

मुख्य अतिथि डॉ. नीरज सिंह ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि वोवीनाम एक अत्यंत प्रभावशाली और आकर्षक मार्शल आर्ट है। इसमें अन्य मार्शल आर्ट्स की तकनीकों के साथ डाइविंग किक और सीजर थ्रो जैसी विशेष तकनीकों का समावेश इसे विशिष्ट बनाता है। उन्होंने खेल के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

समारोह में एसोसिएशन के फाउंडर चेयरमैन डॉ. विष्णु सहाय, वियतनामी प्रशिक्षक, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय खेल समिति के सचिव डॉ. नीरज शुक्ला, राहुल राज रस्तोगी, मानवेंद्र सिंह, आनंद किशोर पांडे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन खिलाड़ियों को सम्मानित करने और खेल के विकास के संकल्प के साथ हुआ।