योग जागरूकता अभियान का शंखनाद, 1090 चौराहे पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास


अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति ने शुरू की जागरूकता मुहिम

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति ने रविवार को राजधानी में “योग जागरूकता अभियान” की शुरुआत की। गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर प्रातः 6 बजे शंखनाद और शंखध्वनि के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में योग साधकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में समिति के संरक्षक एवं उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। योगाभ्यास कार्यक्रम में राजधानी के व्यापारी, बुजुर्ग, महिलाएं, चार्टर्ड अकाउंटेंट, सेवानिवृत्त अधिकारी, युवा एवं छात्र उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

इस अवसर पर संजय गुप्ता ने कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। योग के माध्यम से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में योग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में भी योग के संस्कार विकसित किए जाने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ रहें और भविष्य में लोगों को महंगी दवाइयों एवं शल्य चिकित्सा पर निर्भर न होना पड़े।

समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की जागरूकता के लिए राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जानकारी दी कि 14 जून को आशियाना एलडीए क्षेत्र से एक भव्य योग जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जो पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को योग के प्रति जागरूक करेगी। वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आशियाना में एक विशाल योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

संदीप सिंह गौर ने कहा कि समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और उन्हें इसके लाभों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि समिति प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी योग कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर कार्य कर रही है तथा वर्षभर नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा देने का प्रयास करेगी।

कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष सुनील मौर्य, महासचिव ओपी श्रीवास्तव, सचिव महेंद्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष राजकुमार शुक्ला, आरके गुप्ता, लीलाधर, राज दुबे, शैलू, कोषाध्यक्ष रितेश खरबंदा, अनु, प्रिया श्रीवास्तव, कुसुम पाठक, सविता सिंह, हंसा चौबे, एल.डी. चौबे, राजीव गुप्ता, सुरेंद्र मौर्य, विनोद मौर्य, जुगल किशोर, हरिश्चंद्र ओली सहित अनेक योगाचार्य एवं योग साधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने योगाभ्यास कर नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया।