लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ की तहज़ीब, स्वाद और भारतीय संस्कृति की मधुर पहचान बने आम को समर्पित फन रिपब्लिक मॉल का तीन दिवसीय मैंगो फेस्टिवल रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। 29 मई से 31 मई तक आयोजित इस विशेष उत्सव ने आम की विविध किस्मों, पारंपरिक व्यंजनों, बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और महिलाओं की कला को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर लखनऊवासियों को एक यादगार अनुभव प्रदान किया।
फेस्टिवल का शुभारंभ प्रसिद्ध शेफ नंदिनी मोतियानी द्वारा किया गया था। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से लाई गई लगभग 30 प्रकार की आम की किस्में आकर्षण का केंद्र रहीं। बंगनपल्ली, अल्फांजो, तोतापुरी, सिंधुरा, मल्लिका, राम केला, लंगड़ा, चौसा, सफेदा, केसर और दशहरी जैसे लोकप्रिय आमों ने आगंतुकों को भारतीय कृषि की समृद्ध विरासत से रूबरू कराया।
फेस्टिवल के दूसरे दिन आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में 4 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंग-बिरंगी वेशभूषाओं और प्रेरणादायक प्रस्तुतियों से मंच जीवंत हो उठा। किसी ने परी बनकर दर्शकों का मन मोह लिया तो किसी ने पेड़ बनकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। रानी पद्मावती, सूर्य, अंतरिक्ष और आम जैसे विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने बच्चों की कल्पनाशीलता, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। अभिभावकों और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

समापन दिवस पर आयोजित महिलाओं की कोल्ड कुकिंग प्रतियोगिता ने मैंगो फेस्ट में स्वाद और सृजनात्मकता का नया रंग भर दिया। प्रतिभागियों ने आम से तैयार किए गए अनेक पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। मैंगो फेस्ट के दौरान लोगों ने केवल विभिन्न प्रकार के आमों का स्वाद ही नहीं चखा, बल्कि आम से तैयार की गई विशेष चाट, मैंगो दही भल्ले, मैंगो कुल्फी, श्रीखंड, चीज़केक, मैंगो पराठा, और अन्य रचनात्मक व्यंजनों का भी भरपूर आनंद लिया। इन अनूठे स्वादों ने आगंतुकों को आम के नए और रोचक रूपों से परिचित कराया। हर उम्र की लगभग सौ से ज्यादा प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग लिया।
इस अवसर पर फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर विकल्प सक्सेना ने कहा, “आम भारतीय संस्कृति, स्वाद और पारिवारिक यादों का अभिन्न हिस्सा है। हमारा प्रयास था कि लखनऊवासियों को एक ऐसा मंच मिले जहाँ स्वाद, परंपरा, मनोरंजन और पारिवारिक सहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिले। बच्चों, महिलाओं और परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस उत्सव को वास्तव में सफल और यादगार बना दिया।”
तीन दिनों तक चला यह मैंगो फेस्टिवल केवल आमों का उत्सव नहीं रहा, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों, रचनात्मकता और सामुदायिक सहभागिता का जीवंत उत्सव बनकर उभरा। फन रिपब्लिक मॉल का यह आयोजन लखनऊवासियों के लिए गर्मियों की मधुर यादों में लंबे समय तक शामिल रहेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal