लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राउंड-द-क्लॉक नवीकरणीय ऊर्जा समाधान प्रदाता कंपनी सनश्योर एनर्जी ने घोषणा की कि उसने उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में 105 मेगावाट पीक क्षमता वाले सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट को PPA साइन होने के रिकॉर्ड 4 महीनों के भीतर चालू कर दिया है। यह प्रोजेक्ट राज्य सरकार की ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर-II (GEC-II) परियोजना के तहत हरित ऊर्जा की निकासी करने वाला पहला सौर प्रोजेक्ट है — जो उत्तर प्रदेश के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
कबरई गांव में स्थित यह प्रोजेक्ट राज्य में कंपनी का 11वां संयंत्र है। 282 एकड़ में फैला यह प्रोजेक्ट एक समर्पित 7 किलोमीटर लंबी 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के माध्यम से ग्रिड से जुड़ा है और हर वर्ष 16.7 करोड़ यूनिट से अधिक स्वच्छ ऊर्जा उत्पन्न करेगा — जो लगभग 1.4 लाख भारतीय घरों की वार्षिक बिजली आवश्यकता पूरी करने के लिए पर्याप्त है। यह परियोजना हर वर्ष लगभग 1.2 लाख टन CO₂ उत्सर्जन को कम करेगी और अपने पूरे जीवनकाल में लगभग 30 लाख टन उत्सर्जन को ऑफसेट करेगी।
ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर-II परियोजना उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPPTCL) द्वारा लगभग 5,400 करोड़ रुपये के निवेश से 21 सबस्टेशनों और संबंधित ट्रांसमिशन अवसंरचना के निर्माण को संदर्भित करती है। जिसका उद्देश्य बुंदेलखंड क्षेत्र से लगभग 4,000 मेगावाट सौर ऊर्जा की निकासी करना है। सनश्योर के कबरई संयंत्र से नव-सक्रिय 220 केवी कबरई सबस्टेशन के माध्यम से सफलतापूर्वक सौर ऊर्जा निकासी इस कॉरिडोर के माध्यम से पहली बार हरित ऊर्जा प्रवाह का प्रतीक है और भविष्य की परियोजनाओं के लिए एक नया मानदंड स्थापित करती है।
प्रोजेक्ट के उद्घाटन अवसर पर सनश्योर एनर्जी के संस्थापक, चेयरमैन एवं सीईओ शशांक शर्मा ने कहा, “भारत का स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन उसकी विनिर्माण महत्वाकांक्षाओं से अलग नहीं है। भारत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का विस्तार कर रहा है और उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य के भीतर विभिन्न विनिर्माण क्लस्टरों के साथ स्वच्छ ऊर्जा को जोड़ने की महत्वाकांक्षा एक स्पष्ट मानक स्थापित करती है। हमें राज्य की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा का हिस्सा बनकर अत्यंत प्रसन्नता है और हम राज्य सरकार, UPPTCL तथा अपने साझेदारों के आभारी हैं जिन्होंने हमें ऐसे नवीकरणीय ऊर्जा संसाधन विकसित करने में सहयोग दिया जिससे भारतीय उद्योग अपनी जलवायु प्रतिबद्धताओं से समझौता किए बिना विकास कर सके।”
इस परियोजना के चालू होने के साथ अब सनश्योर के उत्तर प्रदेश में 11 संयंत्र और 365 मेगावाट पीक परिचालन क्षमता हो गई है। 2023 में शुरू की गई अपनी ‘UP शक्ति’ पहल के माध्यम से कंपनी वित्त वर्ष 2026 के अंत तक राज्य में अपनी परिचालन क्षमता को 500 मेगावाट तक बढ़ाने की योजना बना रही है। इसी अवधि तक उसका 125 मेगावाट / 500 मेगावाट-घंटे बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रोजेक्ट भी चालू हो जाएगा। वर्तमान में सनश्योर एनर्जी भारत की कई प्रमुख औद्योगिक कंपनियों जैसे LG Electronics, Kajaria Ceramics, Jindal Stainless, Dabur और Bisleri को बिजली आपूर्ति कर रही है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal