लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ज्येष्ठ माह के चौथेबड़े मंगलवार के पावन अवसर पर RR Group of Institutions, बीकेटी परिसर में सुंदरकांड पाठ एवं भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सुंदरकांड का पाठ राम कथा वाचक आचार्य दिलीप शुक्ला जी महाराज द्वारा किया गया।

आचार्य दिलीप शुक्ला जी महाराज ने हनुमान जी के जीवन चरित्र के माध्यम से छात्रों को अनुशासन, समर्पण, गुरु भक्ति एवं सेवा भाव की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि श्री हनुमान जी का व्यक्तित्व हमें सिखाता है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने एवं सदैव संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में बख्शी का तालाब क्षेत्र के विधायक योगेश शुक्ला, संस्थान के चेयरमैन अनिल कुमार अग्रवाल, सेक्रेटरी चित्रांशु अग्रवाल, डायरेक्टर एस.एस. चौहान, डीन एकेडमिक दुर्गेश वर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर विकास सिंह, डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट मिस आरती जायसवाल, चीफ प्रॉक्टर विजय बहादुर सिंह एवं फर्स्ट ईयर कोऑर्डिनेटर आशुतोष शुक्ला सहित समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन कॉलेज वार्डन महेंद्र सिंह एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय रहा तथा सभी ने हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त कर समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal