SSB : साइकिल रैली के जरिए दिया फिट और ग्रीन इंडिया का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। रत्न संजय (भा.पु.से., महानिरीक्षक, सशस्त्र सीमा बल, सीमांत मुख्यालय, लखनऊ) के मार्गदर्शन और एच. जितेन (उप महानिरीक्षक) तथा डॉ. निखिल कुमार प्रसाद (उप महानिरीक्षक, चिकित्सा) की अध्यक्षता में “संडे ऑन साइकिल” के 75वें संस्करण के अंतर्गत “फिट इंडिया साइकिल रैली” का सफल आयोजन किया गया।

इस साइकिल रैली में सीमांत मुख्यालय, लखनऊ एवं चतुर्थ वाहिनी के कुल 06 अधिकारियों तथा 258 बलकार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का आयोजन जी-20 रोड पर किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने लगभग 10 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूर्ण की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं सभी को फिट एवं स्वस्थ रहने के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रैली का समापन उत्साह एवं सकारात्मक संदेश के साथ हुआ। जिसमें सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।