मेट्रो से सम्मेलन में पहुंचे व्यापारी नेता, व्यापारियों की एकजुटता पर दिया जोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आलमबाग स्थित चंदर नगर बाजार में रविवार को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल, चंदर नगर आलमबाग इकाई के बैनर तले क्षेत्रीय व्यापारी सम्मेलन एवं सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आलमबाग बस स्टैंड स्थित बाला जी ढाबा रेस्टोरेंट में हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन में पहुंचने के लिए उन्होंने अपने पदाधिकारियों के साथ मेट्रो ट्रेन का उपयोग कर आमजन को सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश भी दिया।

सम्मेलन के दौरान उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल, चंदर नगर आलमबाग बाजार इकाई में 30 नए व्यापारियों को सदस्यता दिलाई गई। प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सभी नए सदस्यों को अपने हाथों से संगठन की सदस्यता ग्रहण कराई और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

संजय गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों को आर्थिक रूप से ही नहीं बल्कि राजनीतिक रूप से भी मजबूत होने की आवश्यकता है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने परिवार से कम से कम एक सदस्य को राजनीति के क्षेत्र में अवश्य भेजें ताकि व्यापारी समाज की आवाज नीति निर्माण तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि व्यापारी अपने सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी स्थिति में समझौता न करें। संगठन हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने व्यापारियों से “न गलत करें, न गलत बर्दाश्त करें” के मंत्र के साथ संगठित रहने की अपील की। साथ ही जाति और धर्म से ऊपर उठकर व्यापारियों को एक मजबूत वोट बैंक के रूप में स्वयं को स्थापित करने का आह्वान भी किया।

सम्मेलन में चंदर नगर आलमबाग इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सिंह मोनी एवं महामंत्री रघुवर दयाल पांडे ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने बाजारों में अतिक्रमण, पब्लिक टॉयलेट की कमी तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वहीं चेयरमैन हरीश कोहली ने जीएसटी एवं इनकम टैक्स से संबंधित समस्याओं को सम्मेलन के समक्ष रखा।

व्यापारियों ने बिना कनेक्शन के जलकर बिल भेजे जाने, कॉमर्शियल हाउस टैक्स में वृद्धि, जीएसटी विभाग द्वारा गलत नोटिस भेजकर उत्पीड़न, विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफॉर्मर मेंटीनेंस नोटिस, अस्थायी अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, शस्त्र लाइसेंस, स्वास्थ्य बीमा, रिटेल ट्रेड पॉलिसी, ई-कॉमर्स नीति तथा एलडीएलटी योजना लागू किए जाने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने सम्मेलन में उठाए गए सभी मुद्दों पर संघर्ष और आंदोलन की रणनीति बनाकर व्यापारियों के हितों की रक्षा का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह चड्ढा, प्रदेश मंत्री संदीप सिंह गौड़, नगर अध्यक्ष हजिंदर सिंह, नगर महामंत्री मोहित कपूर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं सम्मेलन में वरिष्ठ व्यापारी सुरेंद्र कुमार चौधरी, वीरेंद्र कुमार ग्रोवर, राजेश कुमार, लीलाधर वाजपेई, जसपाल सिंह नामधारी, हरजिंदर सिंह गुलाटी, मनप्रीत सिंह बिट्टू, आर.के. वर्मा, गुरप्रीत सिंह सचदेवा, रणवीर सिंह भसीन, रामकुमार, वीरेंद्र कुमार भारती, बलबीर गुप्ता, लकी साहनी, संजय कमलिया तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज लाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी भी मौजूद रहे।