414 शक्ति केंद्रों पर भाजपा की मासिक बैठक, संगठन मजबूती का दिया मंत्र

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा रविवार को महानगर के सभी 414 शक्तिकेंद्रों पर मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मध्य विधानसभा के मध्य-1 मंडल के रफी अहमद किदवई सी शक्तिकेंद्र पर आयोजित बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि संगठन की नियमित बैठकों से कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और समन्वय बढ़ता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी अभियानों एवं कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

वहीं कैंट-1 के गुरु नानक नगर बी पर लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शक्तिकेंद्र संगठन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीति-नीति एवं सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा से करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसकी ताकत बूथ और शक्तिकेंद्र स्तर के समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को शक्ति केंद्र की बैठक एवं अंतिम रविवार को बूथ की बैठक संपन्न होगी, जिसमें अंतिम रविवार को मन की बात के कार्यक्रम के बाद बूथ की बैठक आयोजित की जाएगी।

“शक्तिकेंद्र अतिथि” बैठकों के लिए भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा विभिन्न विधानसभा एवं मंडलों के शक्तिकेंद्रों पर बैठक की गई। जिसमें मध्य-3 के यहियागंज सेक्टर ए पर डॉ. श्वेता सिंह, मध्य-4 के मालवीय नगर ए पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा एवं मालवीय नगर बी पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, पश्चिम-1 के साहदतगंज पर उपविजेता अंजनी श्रीवास्तव, पश्चिम-2 के लाल जी टंडन ए शक्तिकेंद्र पर राहुल राज रस्तोगी को जिम्मेदारी दी गई।

इसी प्रकार कैंट-2 के राम जानकी नगर पर पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, पूर्व-1 के गोमतीनगर बी पर प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, राजीव गांधी-2 ए पर प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, चिनहट-2 ई पर प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, उत्तर-5 के जानकीपुरम-2 में विधायक डॉ. नीरज बोरा बतौर अतिथि उपस्थित रहे।