जानकीपुरम गार्डन में ₹1 करोड़ से बनेंगी सड़कें व नालियां, विधायक ने किया शिलान्यास

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने रविवार को जानकीपुरम द्वितीय वार्ड में मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत ₹1 करोड़ 2 लाख 44 हजार की लागत से होने वाले विभिन्न सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।

जानकीपुरम गार्डन में सुमन मिश्रा के घर से अज्जू के घर तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस कार्य पर लगभग ₹22.77 लाख की लागत आएगी। वहीं श्री राम जानकी मंदिर तिराहे से एस.एस. ओझा के घर होते हुए सहारा स्टेट गेट नंबर-02 तक सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को लगभग ₹69.70 लाख की लागत से पूरा किया जाएगा। जबकि प्रभाकर गुप्ता के घर के सामने वाली सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की अनुमानित लागत ₹9.97 लाख है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के माध्यम से क्षेत्र की सड़क, जलनिकासी और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में सतीश वर्मा, सुशील सिंह, राकेश सिंह, पार्षद राजकुमारी मौर्या, एस.एस. ओझा, सुरेश मिश्रा, दाताराम शुक्ल, सी.के. वर्मा, राकेश पांडे, पूर्व पार्षद कैलाश यादव, निवास त्रिपाठी, सर्वेश सिंह, दिव्यांशी शुक्ला, रंजना दुबे, मीरा पांडे, विवेक श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।