Saturday , May 23 2026

राम नगरी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुई शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा

अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मिल्कीपुर क्षेत्र के ग्राम परसौली स्थित विधायक चंद्रभानु पासवान के निज आवास पर नवनिर्मित श्री शिव मंदिर में आयोजित शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा समारोह एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। समारोह में क्षेत्र सहित दूर-दराज से श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

वैदिक मंत्रोच्चारण और पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव के शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। पूजा-अर्चना के बाद आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही।

समारोह के सफल समापन पर विधायक चंद्रभानु पासवान ने सभी श्रद्धालुओं, क्षेत्रवासियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद से ही यह धार्मिक आयोजन इतना भव्य, सफल और आनंदमय बन सका। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं, समिति सदस्यों एवं स्थानीय लोगों की विशेष सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

विधायक ने कहा कि लोगों की अपार श्रद्धा और उत्साह ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण के बीच पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

समारोह में विधायक अभय सिंह, विधायक अमित सिंह चौहान, पूर्व विधायक खब्बू तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुरेश पासी, विधायक दिनेश रावत, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, पूर्व सांसद विनय कटियार, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, प्रतिनिधि रोहित सिंह, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, विधायक राम कृष्ण भार्गव एवं विधायक अमरेश कुमार सहित काफी संख्या में भक्त मौजूद रहे।