लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर स्थित शिव सहाय जी स्पोर्ट्स ग्राउंड में शनिवार को बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस की अंतर्शाखीय क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा लीग मुकाबला खेला गया। मैच बाल निकुंज विद्यालय बेलीगारद की जूनियर टीम-ए और बाल निकुंज विद्यालय डे बोर्डिंग मोहिबुल्लापुर की जूनियर टीम-ए के बीच हुआ। मुकाबले में डे बोर्डिंग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर डे बोर्डिंग टीम के कप्तान ऋषभ सोनी ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बेलीगारद टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 78 रन बनाए और विपक्षी टीम को जीत के लिए 79 रनों का लक्ष्य दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी डे बोर्डिंग टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। ओपनर आयूष कुमार ने पहले ही ओवर में लगातार चार चौके और एक छक्का जड़ते हुए 26 रन ठोक दिए, जिससे विरोधी गेंदबाजों का मनोबल टूट गया। दूसरे छोर से मयंक कुमार ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चार चौके और दो छक्कों की मदद से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी के दम पर डे बोर्डिंग टीम ने 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और जीत का जश्न मनाया।

मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डे बोर्डिंग टीम के खिलाड़ी आयूष कुमार को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में 12 रन देकर 2 विकेट हासिल किए तथा बल्लेबाजी में सर्वाधिक 28 रन बनाए।
कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने आयूष कुमार को मैन ऑफ द मैच का खिताब प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, मीडिया प्रभारी ओ.पी. वर्मा, स्कोरर प्रवीण यादव, कमेंटेटर अरविंद दीक्षित, व्यवस्थापक एस.के. पांडे, अंपायर पुलकित, धीरेंद्र एवं जुनैद अहमद सहित चारों शाखाओं के खेल प्रशिक्षक शिवा सिंह, मंजरी सिंह, नाहिदा खान तथा शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal