लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक डा. नीरज बोरा ने शनिवार को जानकीपुरम वार्ड प्रथम में ₹1.26 करोड़ से अधिक लागत की दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। यह विकास कार्य मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत होंगे।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सीता विहार कॉलोनी में बालाजी जनरल स्टोर से सरदार पटेल तिराहे तक सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस परियोजना पर लगभग ₹75.38 लाख की लागत आएगी। इसके अलावा अलीशा नगर कॉलोनी में अवनेश सिंह के घर के सामने वाली सड़क के सुधार कार्य का भी शिलान्यास किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹51.06 लाख है।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आंतरिक सड़कों और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सीता विहार और अलीशा नगर कॉलोनी में होने वाले इन निर्माण कार्यों से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से चली आ रही जलभराव और खराब सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान पार्षद प्रतिनिधि सौरभ तिवारी, कृपाशंकर मिश्र, रामनगीना त्रिपाठी, रामकुमार लोधी, दीपू रावत, गोपाल यादव, संतोष शुक्ला, संतोष सिंह, राकेश सिंह, जितेंद्र पांडे, कमलेश्वर सोनी, अंशु मिश्रा, सी.के. वर्मा, अक्षय मिश्रा लालू, सुनील सिंह एवं अवनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal