Thursday , May 21 2026

ग्रुप कमांडर ने किया 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी का निरीक्षण

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी, लखनऊ यूनिट का वार्षिक प्रशासनिक निरीक्षण गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संपन्न हुआ। निरीक्षण का नेतृत्व ग्रुप कमांडर एनसीसी ग्रुप लखनऊ ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, विशिष्ट सेवा मेडल ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत यूनिट के कमान अधिकारी कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक एवं सूबेदार मेजर किशोर लाल द्वारा निरीक्षण अधिकारी के औपचारिक स्वागत से हुई। इसके बाद एनसीसी कैडेटों की टोली ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया। कैडेटों के जोशपूर्ण प्रदर्शन की ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव ने सराहना करते हुए उनकी प्रशंसा की।

तत्पश्चात वरिष्ठ एएनओ, सभी जीसीआई, पीआई स्टाफ एवं सिविल स्टाफ के साथ इंट्रोडक्शन परेड आयोजित की गई। जिसमें निरीक्षण अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। इसके बाद कमान अधिकारी कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक ने अपने कार्यालय में यूनिट के विकासोन्मुखी कार्यों, प्रशिक्षण गतिविधियों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान ब्रिगेडियर श्रीवास्तव ने विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के क्रम में कमान अधिकारी ने ब्रिगेडियर श्रीवास्तव को यूनिट के विभिन्न विभागों, ट्रेनिंग हॉल तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया। निरीक्षण अधिकारी ने व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्टाफ के साथ संक्षिप्त जलपान समारोह आयोजित किया गया। इसके उपरांत यूनिट के सभी सदस्यों के साथ ग्रुप फोटो कार्यक्रम संपन्न हुआ तथा ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव को औपचारिक विदाई दी गई।