लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। छिपी हुई प्रतिभाओं को खोजना और उन्हें सही दिशा देकर समाज को सशक्त करना समाज के प्रथम पंक्ति के लोगों की जिम्मेदारी है। डा नीरज बोरा के संरक्षण में ई. वत्सल बोरा (बोरा फाउंडेशन) का यह कार्यक्रम निश्चित रूप से प्रतिभाओं का प्रोत्साहन मात्र नहीं करेगा बल्कि सही मार्गदर्शन भी देगा। उक्त विचार मेधावी सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने व्यक्त किए।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहारों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बोरा फाउंडेशन द्वारा एक ‘मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह 2026’ आयोजित किया गया। इस समारोह में लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र सहित जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण एवं विधान परिषद सदस्य अवनीश कुमार सिंह सहित सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगीत गाकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लखनऊ उत्तर के विधायक डा. नीरज बोरा ने की। इस मौके पर आयोजक बोरा फाउंडेशन एवं सेवा अस्पताल के प्रबंध निदेशक ई. वत्सल बोरा तथा बोरा इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड हेल्थ साइंसेज की चेयरपर्सन बिंदु बोरा भी उपस्थित रहीं।

मेधावियों को उपहार वितरित करने के बाद अपने संबोधन में असीम अरुण ने कहा, “आज जिन बच्चों को सम्मानित किया गया है, वे केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का गौरव हैं। मेधावी छात्र ही हमारे देश के स्वर्णिम भविष्य के असली निर्माता हैं। योगी सरकार प्रदेश में शिक्षा के स्तर को लगातार ऊंचा उठाने और हर वर्ग के बच्चों को समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने बोरा फाउंडेशन और स्थानीय विधायक डा. नीरज बोरा की सराहना करते हुए कहा कि जमीन पर उतरकर बच्चों की पीठ थपथपाना और उन्हें आगे बढ़ने के साधन देना एक अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के तहत लखनऊ में सर्वाधिक केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को पूरी तरह निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे जीवन के एक महत्वपूर्ण दौर में हैं और उन्हें अपनी अब तक की सफलता से संतुष्ट होकर रुकना नहीं चाहिए। निरंतर मेहनत और अनुशासन ही आगे की बड़ी उपलब्धियों का आधार बनता है।

असीम अरुण ने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद आवश्यक है। छात्रों को प्रतिदिन किसी न किसी खेल या शारीरिक गतिविधि में हिस्सा लेना चाहिए, क्योंकि फिट शरीर से पढ़ाई में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चाहे छात्र पुलिस सेवा, सेना, सीडीएस, चिकित्सा या किसी अन्य क्षेत्र में जाएं, हर जगह शारीरिक फिटनेस का महत्व है। स्वस्थ शरीर ही व्यक्ति को समाज और देश की बेहतर सेवा करने योग्य बनाता है। अपने संबोधन के अंत में असीम अरुण ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनें तथा जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहें।

MLC अवनीश कुमार सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि 12वीं उत्तीर्ण करना केवल विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालयों के वर्षों के परिश्रम का परिणाम होता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में प्रेरणा देने जैसा है और ऐसे कार्यक्रम युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
उन्होंने छात्रों से कहा कि पहले केवल डॉक्टर, इंजीनियर या पुलिस अधिकारी बनने तक सोच सीमित रहती थी, लेकिन अब समय बदल चुका है। आज युवाओं को यह भी सोचना होगा कि अपने ज्ञान और तकनीक का उपयोग समाज और देश की सेवा में किस प्रकार किया जाए।

एमएलसी अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि तकनीक वही श्रेष्ठ होती है, जिससे आम लोगों को लाभ मिले। यदि कोई इंजीनियर या वैज्ञानिक ऐसा नवाचार करता है, जिससे किसी बीमार व्यक्ति का बेहतर इलाज संभव हो सके, तो वही वास्तविक अर्थों में देश सेवा होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजोपयोगी सोच विकसित करने का आह्वान किया।अपने संबोधन के अंत में उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने परिवार, विद्यालय, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक डा. नीरज बोरा ने सभी मेधावियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा, “युवा शक्ति ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र का कोई भी मेधावी छात्र संसाधनों की कमी के कारण पीछे नहीं छूटेगा। बोरा फाउंडेशन का लक्ष्य केवल शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना है। आप सभी जानते हैं कि जो कल इसी लखनऊ के बच्चे थे वे आज अंतरिक्ष में भारत की ध्वजा लहरा रहे हैं ठीक उसी तरह आज सम्मानित हुए ये सभी बच्चे कल सिविल सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अंतरिक्ष विज्ञान और समाज सेवा के क्षेत्र में लखनऊ का नाम रोशन करेंगे।”

सेवा अस्पताल के प्रबंध निदेशक ई. वत्सल बोरा ने कहा कि आधुनिक दौर में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का होना बेहद जरूरी है। बोरा फाउंडेशन भविष्य में भी युवाओं के करियर काउंसिलिंग और मार्गदर्शन के लिए ऐसे अभियान चलाता रहेगा।”
समारोह के दौरान जब मंच से एक-एक कर मेधावी छात्र-छात्राओं के नामों की घोषणा हुई, तो पूरा प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मेधावियों ने इस सम्मान को अपने जीवन का बड़ा टर्निंग पॉइंट बताया। कार्यक्रम में पधारे सभी आगंतुकों का धन्यवाद एवं आभार संस्था की अध्यक्ष बिंदु बोरा ने किया।

कार्यक्रम में बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेज, सिटी मांटेसरी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, द ओएफ इंटर कालेज, डा. आई. डी. रस्तोगी, ब्राइट लैंड इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ सीतापुर रोड, श्री राम एकेडमी, कैपिटल कॉन्वेंट, कॉस्मोपॉलिटन, सैम लखनऊ पब्लिक स्कूल, टाउनहॉल इंटर कॉलेज, प्रॉमिनेंट पब्लिक स्कूल, महावीर विद्या मंदिर, न्यू वे इंटर कॉलेज, सेंट एंटोनी इंटर कॉलेज जानकीपुरम, इंदिरा इंटर कॉलेज खदरा, अवध पब्लिक स्कूल सहित कुल 64 विद्यालयों के छात्रों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व महानगर उपाध्यक्ष विवेक तोमर, पार्षद मुन्ना मिश्रा, सीबी सिंह, पार्षद प्रतिनिधि अंकुश बाजपेई, सत्यदेव सिंह, मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी, रमन निगम, चंद्रशेखर गुप्ता, मंच संचालक सुनील सिंह एवं कार्यक्रम संयोजक कृपा शंकर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में मेधावी छात्र, विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal