स्तुति नृत्यम समूह ने वृद्धाश्रम में बुजुर्गों संग बिताए स्नेह भरे पल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भीषण गर्मी के बीच मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए स्तुति नृत्यम समूह ने सोमवार को राजाजीपुरम स्थित सेवार्थ वृद्धाश्रम पहुंचकर वृद्धजनों के साथ समय व्यतीत किया। समूह की ओर से बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली गई तथा उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया।

इस दौरान समूह की सदस्यों ने वृद्धजनों को फल एवं दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की। वृद्धाश्रम में पहुंचे सदस्यों ने बुजुर्गों के साथ अपनापन साझा करते हुए उनका हालचाल जाना, जिससे वहां का वातावरण भावुक और आत्मीय बन गया। वृद्धजनों ने भी समूह के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

स्तुति नृत्यम समूह की संस्थापिका गीता सक्सेना ने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारी धरोहर हैं और उनके प्रति सम्मान व संवेदना बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी समूह द्वारा इस प्रकार के सामाजिक सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर रश्मि श्रीवास्तव, रोली सक्सेना, संध्या श्रीवास्तव, अपर्णा सक्सेना, आभा सक्सेना एवं कमला रावत सहित समूह की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।