अयोध्या (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर के “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026” के द्वितीय दिवस के समापन सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक मजबूती और कार्यकर्ता निर्माण का मंत्र दिया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, विधायक ओपी श्रीवास्तव, वर्ग प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश आईटी प्रभारी कामेश्वर मिश्र, सुधीर हलवासिया तथा पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया का श्रीराम नाम फटका पहनाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि पार्टी की मजबूती का आधार उसका समर्पित और संस्कारित कार्यकर्ता होता है। विभिन्न स्तरों पर नियमित पदाधिकारी बैठकें आयोजित की जानी चाहिए, जिनमें सभी पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहें। भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचार आधारित संगठन है, इसलिए कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक गुणों का विकास होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि पार्टी को जैसे कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है, वैसा कार्यकर्ता निर्माण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। एक अच्छा कार्यकर्ता वही होता है जिसकी कथनी और करनी में सामंजस्य हो तथा जो संगठन के सिद्धांतों को अपने व्यवहार में उतारे। कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन का अध्ययन करने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि उनके आदर्श, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने पद और दायित्व के अंतर को स्पष्ट करते हुए कहा कि संगठन में पद केवल पहचान नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का विषय है। व्यक्ति नहीं, बल्कि सामूहिकता संगठन को आगे बढ़ाती है। भाजपा की कार्यपद्धति सामूहिक नेतृत्व और टीम भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति अकेले संगठन नहीं चला सकता, बल्कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग, समर्पण और समन्वय से संगठन निरंतर आगे बढ़ता है।
प्रथम सत्र में “वैचारिक अधिष्ठान” विषय पर उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा संगठन की कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करता है।

इसके पश्चात आयोजित अष्टम सत्र में “इतिहास एवं विकास” विषय पर प्रदेश महामंत्री एवं विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संगठन के इतिहास, विकास यात्रा तथा आगामी चुनौतियों के विषय में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा निरंतर राष्ट्रहित एवं अंत्योदय के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
नवम सत्र “मीडिया एवं सोशल मीडिया” विषय पर आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित एवं आईटी सेल के प्रदेश संयोजक कामेश्वर मिश्र ने डिजिटल युग में सोशल मीडिया की भूमिका, संगठन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तथा सकारात्मक संवाद की आवश्यकता पर विचार रखे।
दशम सत्र “व्यवहारिक सत्र” सह संयोजक प्रशिक्षण प्रदर्शनी राज कुमार ने वरिष्ठ वक्ताओं ने संगठनात्मक कार्यशैली, जनसंपर्क, संवाद कौशल एवं कार्यकर्ता जीवन के व्यवहारिक पक्षों पर प्रशिक्षण दिया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal