Saturday , May 16 2026

गम्बूसिया मछलियों से होगा मच्छर नियंत्रण, लोकबंधु अस्पताल की नई पहल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर लोकबंधु राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय में शनिवार को मच्छर जनित रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत ओपीडी परिसर में जागरूकता अभियान चलाया गया। EMBED प्रोजेक्ट के अंतर्गत PSI India के सहयोग से लार्वीसाइडल मछली गम्बूसिया के पालन की पहल करते हुए मछलियां डलवाई गईं।

कार्यक्रम में चिकित्सालय के कार्यकारी निदेशक डॉ. राजीव दीक्षित एवं हॉस्पिटल मैनेजर धनंजय प्रताप ने गम्बूसिया मछलियों को जलाशय में छोड़कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि गम्बूसिया मछली मच्छरों के लार्वा को खाकर उनकी संख्या नियंत्रित करने में सहायक होती है, जिससे डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलती है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि भविष्य में गम्बूसिया पालन के माध्यम से मच्छर नियंत्रण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

ओपीडी परिसर में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में पैथोलॉजिस्ट डॉ. पी.सी. तिवारी ने लोगों को डेंगू के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है और घरों व आसपास पानी जमा न होने देना इसकी रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।

इस दौरान PSI India द्वारा सांप-सीढ़ी खेल के माध्यम से डेंगू से बचाव संबंधी संदेशों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया गया। खेल के जरिए साफ-सफाई, जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव और समय पर उपचार जैसे महत्वपूर्ण संदेश आमजन तक पहुंचाए गए।

संयुक्त निदेशक डेंगू डॉ. विकास सिंघल ने कहा कि डेंगू को जागरूकता और सतर्कता के जरिए फैलने से रोका जा सकता है। देशभर में हर वर्ष 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाकर लोगों को मच्छर जनित रोगों के प्रति जागरूक किया जाता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।

चिकित्सालय के निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक ने लोगों से घरों और आसपास नियमित साफ-सफाई रखने तथा पानी जमा न होने देने की अपील की। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनय वर्मा ने कहा कि घर, छत, कूलर, गमलों, पुराने टायरों और अन्य स्थानों पर जलभराव रोकना डेंगू की रोकथाम के लिए बेहद आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को अपने स्तर पर स्वच्छता बनाए रखने और मच्छर नियंत्रण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेन्द्र त्रिपाठी ने डेंगू से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर स्टेट एंटोमोलॉजिस्ट डॉ. सुदेश कुमार, राहुल, डॉ. शिवानी, मोहित शर्मा, पिंकी गुप्ता और शशि मिश्रा सहित अस्पताल के अधिकारी एवं कर्मचारी, PSI India के प्रतिनिधि, मरीज और तीमारदार मौजूद रहे।