लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर स्थित शिव सहाय स्पोर्ट्स ग्राउंड में शुक्रवार को ग्रीष्मकालीन अंतर्शाखीय एथलेटिक्स गेम्स का भव्य शुभारंभ हुआ। जिसमें चारों शाखाओं से चयनित अंडर-14 आयु वर्ग के 120 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में लंबी कूद, रस्साकसी और डिस्कस थ्रो के बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए गए।
रस्साकसी प्रतियोगिता के बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में बाल निकुंज इंटर कॉलेज (ब्वॉयज विंग) ने बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी शाखा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में गर्ल्स विंग की टीम ने पलटन शाखा को पराजित कर स्वर्ण पदक जीतकर अपना परचम लहराया।

लंबी कूद प्रतियोगिता के बालक वर्ग में ब्वॉयज विंग के आदर्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता, जबकि देवांश ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं बाल निकुंज विद्यालय डे बोर्डिंग के अनुराग ने रजत पदक जीतने में सफलता प्राप्त की।
बालिका वर्ग की लंबी कूद प्रतियोगिता में गर्ल्स विंग की नाव्या ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पलटन छावनी शाखा की अंकिता ने रजत पदक तथा बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी, बेलीगारद शाखा की आरुषि ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता के बालक वर्ग में डे बोर्डिंग के अरहान ने 9.2 मीटर दूरी तय कर स्वर्ण पदक हासिल किया। ऋषभ ने 7.9 मीटर दूरी के साथ रजत पदक प्राप्त किया, जबकि पलटन छावनी शाखा के फरहान ने 7.2 मीटर दूरी तय कर कांस्य पदक जीता।

बालिका वर्ग के डिस्कस थ्रो मुकाबले में पलटन छावनी शाखा की अंशिका पांडे ने 6.6 मीटर दूरी तय कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डे बोर्डिंग की सुनैना ने 6.1 मीटर दूरी के साथ रजत पदक तथा गर्ल्स विंग की हुमएरा ने 5.9 मीटर दूरी तय कर कांस्य पदक जीता।
कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, गेम इंचार्ज तथा शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal