Saturday , May 16 2026

विधायक डा. नीरज बोरा ने किया एल्डिको लक्सा अपार्टमेंट में ओपन जिम का उद्घाटन


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। क्षेत्रीय निवासियों को स्वस्थ और फिट जीवनशैली का उपहार देते हुए आज फ़ैज़ुल्लागंज प्रथम वार्ड अंतर्गत एल्डिको लक्सा अपार्टमेंट परिसर में नवनिर्मित ‘ओपन जिम’ का भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। यह आधुनिक ओपन जिम स्थानीय युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य और सजग दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने रिबन काटकर जिम का उद्घाटन किया। 

उन्होंने कहा, “एक स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज की असली पहचान होता है। इसी संकल्प के साथ हम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। यह ओपन जिम हर आयु वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रभावी पहल सिद्ध होगी।”

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि सत्यदेव सिंह सहित क्षेत्र स्थानीय निवासी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने इस जनोपयोगी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस जिम के शुरू होने से अब अपार्टमेंट और आसपास के लोगों को पार्क में ही कसरत और योग करने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।