लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर पी.एस.आई. इंडिया की एंबेड परियोजना के अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय छावनी मंडियांव में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता शपथ, संगोष्ठी, रैली एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं और आमजन को डेंगू एवं मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
इस वर्ष की थीम “जांच करें, साफ करें, ढकें” को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को डेंगू से बचाव की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों को डेंगू और मलेरिया के कारण, लक्षण तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि किसी भी प्रकार का बुखार आने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर समय से जाकर निःशुल्क जांच करानी चाहिए। डेंगू या मलेरिया की पुष्टि होने पर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार पूरा उपचार लेना जरूरी है तथा बीच में दवाएं बंद नहीं करनी चाहिए।

इस दौरान मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घरों एवं आसपास पानी जमा न होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा नियमित रूप से मच्छरदानी के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि मलेरिया एक मच्छर जनित रोग है, जिसमें रोगी को सर्दी, सिरदर्द और बार-बार तेज बुखार आने जैसी समस्याएं होती हैं। गंभीर स्थिति में यह बीमारी जानलेवा भी साबित हो सकती है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यह रोग मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो गंदे पानी और नालियों में पनपते हैं। इसलिए गड्ढों और नालियों में पानी जमा न होने देना अत्यंत आवश्यक है। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मलेरिया की जांच निःशुल्क उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई।
पी.एस.आई. इंडिया एंबेड परियोजना से जुड़ी शशी मिश्रा ने लोगों को पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने और मच्छरों से बचाव के सभी उपाय अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यालय की सहायक प्रधानाचार्या सुमन कनौजिया एवं सह अध्यापिका प्रभुता शुक्ला भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal