लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फिक्की फ्लो लखनऊ द्वारा “भारत का मन, तन और आत्मा” विषय पर एक विशेष एवं ज्ञानवर्धक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सुधांशु त्रिवेदी उपस्थित रहे। वहीं डॉ मयंक सोमानी ने स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपोलो मेडिक्स हॉस्पिटल्स के एमडी व सीईओ डॉ. मयंक सोमानी ने निवारक स्वास्थ्य देखभाल (प्रिवेंटिव हेल्थकेयर) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच नियमित स्वास्थ्य जांच और मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों को स्वयं पर अनावश्यक दबाव न डालने और संतुलित जीवन अपनाने की सलाह दी।

राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से भी विश्व में एक नई पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी संस्कृति, पारिवारिक मूल्य और जीवन के प्रति समग्र दृष्टिकोण में निहित है।
उन्होंने कहा कि आज भारत स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सचेत जीवनशैली के प्रति अधिक जागरूक हो रहा है, जिससे एक भावनात्मक रूप से सशक्त और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध समाज का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा, चेतना का जुड़ाव मन से होता है, मस्तिष्क तो केवल एक रिसीवर है। हम चेतना के द्वार तक पहुँच रहे हैं।

महिला सम्मान पर अपने विचार रखते हुए श्री त्रिवेदी ने कहा कि भारत महिलाओं को सर्वोच्च सम्मान देने वाली संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में महिलाओं को ऊर्जा का स्रोत माना गया है और इसकी झलक नवरात्रि जैसे पर्वों में देखने को मिलती है।
उन्होंने यह भी कहा कि मन, शरीर और आत्मा की अवधारणा वेदांत से उत्पन्न हुई है तथा आत्मा और ब्रह्म की पूर्ण एकरूपता को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा पूरी तरह समझाया नहीं जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं को समाज में उचित सम्मान और स्थान दिलाने का कार्य किया है। डिजिटल लेन-देन के क्षेत्र में भारत आज विश्व में प्रथम स्थान पर है।

इस कार्यक्रम की परिकल्पना फिक्की फ्लो लखनऊ की चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने की, जबकि संचालन ज्योति दीवान ने किया। कार्यक्रम में फ्लो की पूर्व चेयरपर्सन आरुषि टंडन,स्वाति वर्मा,विभा अग्रवाल सहित फिक्की फ्लो लखनऊ की कार्यकारी समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal