Prateek Yadav Death News : लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में शोक का माहौल है। बुधवार सुबह अचानक हुई उनकी मौत की खबर से राजनीतिक गलियारों से लेकर समर्थकों तक में गहरा दुख देखा जा रहा है।प्रतीक यादव के अंतिम दर्शन के लिए कई बड़े नेता उनके आवास पहुंचे। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या और ओम प्रकाश राजभर समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को सांत्वना दी।“बहुत दुखद घड़ी है”- ब्रजेश पाठकडिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “यह बेहद दुखद घड़ी है। प्रतीक यादव असमय हम सबके बीच से चले गए। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”सुबह किचन में अचेत मिले थे प्रतीक यादवजानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब चार बजे प्रतीक यादव अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में पड़े मिले थे। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।उनकी मौत के बाद कई तरह की आशंकाएं भी जताई जा रही थीं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अब तक कोई संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर विसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार प्रतीक यादव की मौत “मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म” के कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स से हुई। रिपोर्ट में बताया गया कि हृदय और पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिक सामग्री को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।रिपोर्ट में शरीर पर छह चोटों के निशान मिलने का भी जिक्र किया गया है। छाती, हाथ, फोरआर्म, कोहनी और कलाई पर अंदरूनी चोट और खून जमने के निशान पाए गए हैं। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट में मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट मानी जा रही है।प्रतीक यादव के निधन के बाद उनकी पत्नी और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि “अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि पद्म विभूषण, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के सुपुत्र एवं हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार प्रातः 11 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा। इस दुखद घड़ी में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति प्रार्थनीय है।”भैंसाकुंड बैकुंठधाम में होगा अंतिम संस्कारप्रतीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के भैंसाकुंड स्थित बैकुंठधाम में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि पांच नंबर घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारी की गई है। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहेंगे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal