लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ज्येष्ठ माह के द्वितीय मंगलवार के पावन अवसर पर भाजपा लखनऊ उत्तर मंडल-5 के उपाध्यक्ष एवं व्यापारी नेता सुशील कुमार सिंह द्वारा सेक्टर-जे चौराहा, जानकीपुरम विस्तार में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे का शुभारंभ पवनसुत हनुमान जी के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके उपरांत भक्तों को पूड़ी-सब्जी, छोला-चावल तथा बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और भक्तों ने बड़े उत्साह के साथ सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा, भाजपा एमएलसी पवन सिंह चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता सुधाकर त्रिपाठी, भाजपा महानगर एवं मंडल के पदाधिकारीगण, पार्षदगण सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। व्यापारी नेता देवेन्द्र प्रताप सिंह, विनोद कुमार सिंह और रितेश गुप्ता समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं भक्तजन भी आयोजन में शामिल हुए।

सुशील कुमार सिंह ने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर सेवा और प्रसाद वितरण की यह परंपरा समाज में धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal