Tuesday , May 12 2026

लखनऊ मेट्रो ने नर्सों को दिया सम्मान, यात्रियों को सिखाया CPR


लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं एवं समाज के प्रति नर्सों के समर्पित योगदान को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।

इस पहल के अंतर्गत किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की नर्सिंग अधिकारियों एवं स्टाफ के लिए केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से चारबाग मेट्रो स्टेशन तक विशेष मेट्रो यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान लखनऊ मेट्रो टीम ने नर्सों का गुलाब के फूल देकर स्वागत किया तथा समाज एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उनकी अमूल्य सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस प्रतिवर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। कार्यक्रम के अंतर्गत मेट्रो स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) एवं सीपीआर प्रशिक्षण सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार देने की जानकारी साझा की गई।

नर्सिंग टीम ने चारबाग मेट्रो स्टेशन पर स्थापित ऑटोमेटिक एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (AED) मशीन की विशेष सराहना की। यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए UPMRC ने 2023 में इस जीवन रक्षक उपकरण को स्थापित किया था। AED मशीन अचानक हृदय गति (Sudden Cardiac Arrest) रुकने की स्थिति में हृदय की सामान्य धड़कन बहाल करने में मदद करती है।

UPMRC के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा, “नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ हैं और उनका समर्पण एवं सेवा भाव समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग समुदाय के योगदान को सम्मान देना तथा यात्रियों के बीच स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।”