कायस्थ समाज ने लखनऊ की विधानसभा सीटों के लिए घोषित किए प्रत्याशी

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कायस्थ समाज द्वारा इंदिरा नगर स्थित Hotel Jayati Oasis Inn में “वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कायस्थ समाज की भूमिका व कायस्थ मांगे अपना अधिकार” विषय पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों में लखनऊ की विभिन्न विधानसभा सीटों पर सशक्त एवं कर्मठ कायस्थ प्रत्याशियों को उतारने को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष शेखर कुमार ने परिचर्चा की शुरुआत करते हुए सभी विधानसभा क्षेत्रों से प्रत्याशियों के चयन का प्रस्ताव रखा और उपस्थित लोगों से सकारात्मक चर्चा में भाग लेने का आग्रह किया। इस प्रस्ताव का सभी ने समर्थन किया तथा लखनऊ की विभिन्न कायस्थ समितियों एवं संगठनों से आए प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

बैठक में सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष शेखर कुमार को अंतिम निर्णय लेने का अधिकार प्रदान किया गया। इसके बाद विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लिए संभावित प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। मध्य विधानसभा के लिए आनन्द प्रकाश श्रीवास्तव, उत्तरी विधानसभा के लिए मनोज कृष्ण श्रीवास्तव, कैन्ट विधानसभा के लिए अविनाश श्रीवास्तव, पश्चिमी विधानसभा के लिए सुशील कुमार श्रीवास्तव तथा सरोजनी नगर विधानसभा के लिए ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव के नामों की घोषणा की गई। 

घोषणा के दौरान उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि के साथ सभी प्रत्याशियों का स्वागत किया। हालांकि लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई। माना जा रहा है कि इस सीट से वर्तमान भाजपा विधायक कायस्थ समाज से जुड़े हैं, इसी कारण यहां प्रत्याशी चयन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनूप कुमार श्रीवास्तव ने सभी घोषित प्रत्याशियों को माला एवं पटका पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर लखनऊ खंड स्नातक विधान परिषद प्रत्याशी सुनील कुमार श्रीवास्तव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रत्याशियों का अभिनंदन किया।

परिचर्चा में आलोक भटनागर, राजेश श्रीवास्तव, शैलेन्द्र कुमार, संजय श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, दिनेश खरे, मनोज सक्सेना, सचिन, आलोक श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, सचिन लाल, आनन्द कुमार, शरद, नरेश प्रधान, विमलेश, विनोद श्रीवास्तव, मनोज कुमार, सुनीता श्रीवास्तव, श्रद्धा श्रीवास्तव, प्रीति श्रीवास्तव, निधि श्रीवास्तव, डॉ. नविता श्रीवास्तव एवं अमृता समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अंत में प्रदेश अध्यक्ष शेखर कुमार ने सभी घोषित प्रत्याशियों को सम्मानित करते हुए कहा कि आज से उनकी जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रत्याशियों से 11 जून तक अपने-अपने क्षेत्रों से 51 सम्मानित लोगों की सूची तैयार करने, कैंप कार्यालयों का चयन करने तथा क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन मीडिया प्रभारी नरेश प्रधान द्वारा किया गया।