लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘डांसस्पोर्ट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ’ के सहयोग से संपन्न हुआ। जिसका उद्देश्य कला के माध्यम से समाज में माताओं के निस्वार्थ प्रेम और उनके योगदान का सम्मान करना था।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद एथलीट और अर्जुन पुरस्कार विजेता रचना गोविल ने अपने जीवन के प्रेरक संस्मरण साझा किए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनकी खेल यात्रा और जीवन की हर सफलता के पीछे उनकी मां का अटूट विश्वास और अथक योगदान रहा है।


हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने मातृत्व की भावनाओं को समर्पित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों द्वारा ‘माई तेरी चुनर’, ‘ओरी चिरैया’ और ‘लुका छुपी’ जैसे मार्मिक गीतों पर आधारित भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किए गए। वहीं शास्त्रीय और आधुनिक नृत्य शैलियों के साथ-साथ संगीत और काव्य पाठ का अनूठा संगम देखने को मिला।
कलाकारों के साथ-साथ संस्था के पदाधिकारियों और अभिभावकों ने भी कविताओं, गीतों और गजलों के माध्यम से अपनी भावनाओं को साझा किया, जिससे पूरा माहौल भावनात्मक और गरिमामय हो गया।

कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. नीरज जैन, डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह और सदन यादव सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर माताओं के सम्मान में इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का एक बेहतरीन प्रयास हैं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal