Saturday , May 9 2026

मातृका महोत्सव 2026 में दिखा सशक्तिकरण, नारी सम्मान और प्रस्तुतियों ने बांधा समां

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मदर्स डे के उपलक्ष्य में आयोजित “मातृका महोत्सव 2026” महिलाओं के सम्मान, प्रतिभा और सशक्तिकरण का एक भव्य उत्सव बनकर सामने आया। अदीरा पिंक इज पावरफुल, इशाया एवं आयरस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में प्रेरणादायी कार्य करने वाली महिलाओं एवं माताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गणेश वंदना से हुई, जिसने पूरे माहौल को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।

बतौर मुख्य अतिथि मौजूद पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि “माँ केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि परिवार और समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है। ऐसी माताओं का सम्मान करना वास्तव में भारतीय संस्कृति और मूल्यों का सम्मान करना है। मातृका महोत्सव जैसी पहल समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ाने का कार्य कर रही है।”

इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में विशेष सम्मान प्रदान किए गए। स्प्रिचुअल गुरु सोहानी पांडेय को “डिवाइन मदर अवॉर्ड”, वर्षा वर्मा को “टाइमलेस मदर अवॉर्ड”, रेनिता एस कपूर को “ग्लैमरस मदर अवॉर्ड” तथा आद्या श्रीवास्तव को “करिश्मैटिक मदर अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।

विशिष्ठ अतिथि डॉ. विवेक कुमार सक्सेना को उनके सामाजिक कार्यों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अलावा समीर श्रीवास्तव, प्रियंका दीक्षित, प्रेरणा मित्रा, तान्या भटनागर एवं रेखा कुमार को भी सम्मानित किया गया। 

महोत्सव का आकर्षण विभिन्न प्रेरणादायी रैंप वॉक प्रस्तुतियाँ रहीं। “सखी” पारंपरिक परिधान की खूबसूरत प्रस्तुति ने भारतीय संस्कृति और महिला सौंदर्य की गरिमा को मंच पर जीवंत किया। वहीं रूपाली श्रीवास्तव के पॉवर एंड प्राइड क्लब की ओर से आयोजित रैंप वॉक ने महिलाओं के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण वह रहा, जब एसिड अटैक सर्वाइवर्स ने रैंप वॉक कर अपनी हिम्मत, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से सभी को भावुक कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हौसले और आत्मविश्वास से जिंदगी को फिर से खूबसूरत बनाया जा सकता है।

उड़ान डांस एकेडमी के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों के जरिए सभी का दिल जीत लिया और पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा एवं उत्साह का माहौल बनाए रखा।

अदीरा पिंक इज पावरफुल की संस्थापिका रितिका चौधरी ने कहा कि “मातृका महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन महिलाओं और माताओं को सम्मान देने का प्रयास है जो हर दिन अपने संघर्ष, प्रेम और समर्पण से समाज को मजबूत बनाने का कार्य करती हैं। हमारा उद्देश्य महिलाओं को मंच देना और उनकी प्रेरणादायी कहानियों को समाज तक पहुँचाना है।” 

इस अवसर पर उपस्थित डजेन हैंड्स मीडिया के सीएमडी राहुल वर्मा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल बताया। कार्यक्रम में इशाया से अनुमेहा सिंघल एवं विनीता तथा आयरस से धर्मेंद्र सिंह एवं दीपिका सिंह की विशेष मौजूदगी रही।