Saturday , May 9 2026

जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल की कार्यप्रणाली पर विशेषज्ञों ने रखे विचार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ ब्रांच ऑफ आईसीएआई (सीआईआरसी) द्वारा यूपी जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल बार एसोसिएशन के सहयोग से “जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों जैसे आगरा, बरेली, अयोध्या, गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी एवं प्रयागराज से आए 200 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, अधिवक्ताओं, कॉस्ट अकाउंटेंट्स, जीएसटी प्रैक्टिशनरस एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद डॉ. संजय कुमार चांधरियावी (उपाध्यक्ष, जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल, उत्तर प्रदेश) ने जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल की कार्यप्रणाली, प्रभावी पैरवी तथा पेशेवर तैयारी के महत्व पर विस्तृत विचार व्यक्त किए।

संतोष कुमार श्रीवास्तव (न्यायिक सदस्य), नरेंद्र कुमार (न्यायिक सदस्य), आलोक चोपड़ा (तकनीकी सदस्य, मध्य) तथा अरविंद कुमार (तकनीकी सदस्य, राज्य, जीएसटी अपीलेट ट्रिब्यूनल लखनऊ बेंच) बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थिति रहे।

संगोष्ठी के तकनीकी सत्रों को वक्ताओं सीए अविनाश पोद्दार एवं अधिवक्ता बी. एल. नरसिम्हन द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने जीएसटी अपीलीय प्रक्रियाएँ, अपील का मसौदा तैयार करना, मुकदमेबाजी की रणनीति एवं ट्रिब्यूनल के समक्ष प्रभावी पैरवी से संबंधित व्यावहारिक एवं महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। आईसीएआई के सेंट्रल कॉउंसिल के सदस्य सीए संजीव सिंघल ने प्रेरणादायी विचारों से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। 

कार्यक्रम का आयोजन सीए अश्वनी जायसवाल (चेयरमैन, लखनऊ ब्रांच ऑफ आईसीएआई), सीए आशीष गुप्ता (सचिव) सीए ऋषभ मिश्रा (वाईस चेयरमैन) एवं सीए प्रियंका गर्ग (चेयरपर्सन टैक्सेशन कमेटी) के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में कुमार सौरव, नमन तिवारी का भी विशेष सहयोग रहा।