लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज स्कूल्स एंड कॉलेजेस, की सभी शाखाओं में शुक्रवार को मदर्स डे समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्ले ग्रुप और नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और संस्कारों की अनूठी प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया।

समारोह के दौरान बच्चों ने संगीतमय वातावरण में “ममता के आंचल में पला” गीत पर अपनी माताओं की आरती उतारी, उन्हें तिलक लगाया और मुंह मीठा कराकर उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद प्राप्त किया। बच्चों के इस भावपूर्ण सम्मान और सेवा भाव को देखकर कई माताओं की आंखें नम हो गईं। मां और बच्चों के बीच प्रेम व आदर का यह भावुक पल उपस्थित सभी लोगों के लिए यादगार बन गया।

इसके बाद माताओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं और खेलों का आयोजन किया गया। म्यूजिकल कप गेम, रोलर बैंगल्स गेम तथा गाने के अनुसार वस्तु पहचानो जैसे कार्यक्रमों में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं बच्चों ने भी रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्याओं द्वारा विजेता माताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के एमडी एचएन जायसवाल ने बताया कि “मदर्स वीक” के अंतर्गत यह आयोजन कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों के लिए 14 मई 2026 तक जारी रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय की सभी शाखाओं में प्रधानाचार्य, प्री-प्राइमरी इंचार्ज, शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal