मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप का एयरोस्पेस व्यवसाय उन्नत प्रिसिजन इंजीनियरिंग, विश्व स्तरीय गुणवत्ता और प्रमुख वैश्विक कंपनियों के साथ बने गहरे भरोसे के माध्यम से भारत की एयरो इंजन और उच्च-मूल्य वाली एयरोस्पेस विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। एयरो इंजन के सभी मॉड्यूल बनाने की क्षमता रखने वाली भारत की एकमात्र निजी कंपनी के रूप में, गोदरेज देश के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
1980 के दशक में स्थापित गोदरेज का यह एयरोस्पेस व्यवसाय कई राष्ट्र-निर्माण मिशनों में एक भरोसेमंद भागीदार रहा है। आज, यह बोइंग (Boeing), सफरान एयरक्राफ्ट इंजनों (Safran Aircraft Engines), GE एयरोस्पेस, रोल्स रॉयस और RTX जैसे प्रमुख वैश्विक एयरोस्पेस दिग्गजों के साथ साझेदारी कर रहा है। इस व्यवसाय ने साल-दर-साल करीब 25% की वृद्धि दर्ज की है, जबकि निर्यात में 30% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, जो वैश्विक सप्लाई चेन में इसकी बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
भविष्य की योजनाओं और निवेश की बात करें तो अगले तीन वर्षों में डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास (R&D) और उन्नत डिजिटल विनिर्माण तकनीकों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹100 करोड़ के निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई है, ताकि डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास, नए उत्पाद विकास और उन्नत डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग तकनीकों के जरिए नवाचार-आधारित वृद्धि को तेज किया जा सके। इसकी इंजीनियरिंग क्षमताओं को एक समर्पित R&D केंद्र का समर्थन प्राप्त है, जिसमें एक विशेष डिजाइन कार्यालय भी शामिल है, जो विमान के लिए मैकेनिकल और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल एक्टुएशन सिस्टम पर केंद्रित है। यह कंपनी के ‘बिल्ट-टू-प्रिंट’ से ‘बिल्ट-टू-स्पेसिफिकेशन’ क्षमताओं की ओर बढ़ने का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

इस महत्वाकांक्षा को और मजबूती देने के लिए महाराष्ट्र के खालापुर में कंपनी की नई मैन्युफैक्चरिंग सुविधा स्थापित की गई है, जो 100 एकड़ में फैली है और इसमें दो प्लांट शामिल हैं। यह सुविधा भारत और वैश्विक OEMs दोनों के लिए उन्नत एयरोस्पेस और प्रोपल्शन से जुड़े कार्यक्रमों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षमता विस्तार केंद्र के रूप में काम करेगी। मजबूत बुनियादी ढांचे, बंदरगाह कनेक्टिविटी, कुशल इंजीनियरिंग प्रतिभा और विकसित होते एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम के चलते महाराष्ट्र वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन हब बनने की मजबूत स्थिति में है।
मानेक बेहरामकामदीन, बिजनेस हेड (एयरोस्पेस), गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप ने कहा, “एयरो इंजन इकोसिस्टम गहरी इंजीनियरिंग क्षमता, बेहतरीन गुणवत्ता, मजबूत सप्लाई चेन और निरंतर निष्पादन विश्वसनीयता पर आधारित होता है। हमारी यात्रा वैश्विक OEMs से मिले भरोसे और महत्वपूर्ण एयरोस्पेस सिस्टम के स्वदेशीकरण के प्रति हमारी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। नवाचार, उन्नत मैन्युफैक्चरिंग और मानव संसाधन में लगातार निवेश के साथ, गोदरेज भारत की एयरो इंजन क्षमताओं को मजबूत करने और वैश्विक एयरोस्पेस वैल्यू चेन में सार्थक योगदान देने के लिए अच्छी स्थिति में है।”
इस यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि गोदरेज द्वारा महत्वपूर्ण एयरोस्पेस सिस्टम, जैसे एक्टुएटर्स, का स्वदेशी विकास और निर्माण रहा है, जिससे यह भारत में ऐसी उन्नत क्षमताओं वाली चुनिंदा कंपनियों में शामिल हो गया है। यह कंपनी के प्रिसीजन कंपोनेंट निर्माता से डिजाइन-आधारित इंजीनियरिंग पार्टनर बनने की दिशा में उसके विकास को दर्शाता है, जो एकीकृत एयरोस्पेस सिस्टम प्रदान करने में सक्षम है।
प्रिसीजन इंजीनियरिंग, मजबूत गुणवत्ता संस्कृति और दीर्घकालिक क्षमता निर्माण के बल पर गोडरेज भारत को एक भरोसेमंद और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर के रूप में और मजबूत बना रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal