Friday , November 20 2026

बाढ़ में जान की बाजी लगाकर मददगार बनी नारंगी टीम, विधायक ने किया सम्मान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैजुल्लागंज में आई बाढ़ के दौरान जब चारों ओर पानी का सैलाब था और लोग अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब नारंगी टीम के कार्यकर्ता जरूरतमंदों के लिए मददगार बनकर सामने आए। किसी ने गहरे पानी में उतरकर राशन पहुंचाया तो किसी ने बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था की। पशुओं के बचाव से लेकर प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने में इन कार्यकर्ताओं ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना दिन-रात सेवा की। बाढ़ के दौरान उनके इसी साहस, सेवा और समर्पण को सम्मान देते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने सेवा हॉस्पिटल परिसर में आयोजित समारोह में नारंगी टीम के कार्यकर्ताओं और स्वैच्छिक सेवकों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि भीषण प्राकृतिक आपदा के दौरान नारंगी टीम के कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा और सेवाभाव से पीड़ित परिवारों की मदद की, वह सराहनीय है। कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक कर बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राशन और आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई। इसके साथ ही पालतू पशुओं के बचाव और उनके लिए भोजन एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि राहत अभियान के दौरान कई बार कार्यकर्ताओं को पीड़ितों के दुख-दर्द और आक्रोश का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने धैर्य और संयम बनाए रखते हुए सेवा का सिलसिला जारी रखा। कई कार्यकर्ताओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर जरूरतमंदों की सहायता की। आज क्षेत्र के निवासी उनके इन प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।

डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि आपदा के समय कुछ विपक्षी लोगों ने राहत कार्यों को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने और तरह-तरह के आरोप लगाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने राजनीति के बजाय सेवा और समर्पण के माध्यम से अपनी भूमिका निभाई। जनता के बीच किए गए सेवा कार्य ही ऐसे आरोपों का जवाब हैं।

विधायक ने आपदा के दौरान मीडिया की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में पत्रकारों ने विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे राहत एवं सेवा कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित कर आमजन तक पहुंचाया। इसके लिए उन्होंने पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बच्चों के लिए दूध की व्यवस्था देख भावुक हुई मां

सम्मान समारोह में नारंगी टीम के कार्यकर्ताओं ने बाढ़ राहत अभियान के दौरान सामने आए कई मार्मिक और चुनौतीपूर्ण अनुभव साझा किए। कार्यकर्ता लवकेश सिंह ने बताया कि हनुमानपुरा के एक घर में छोटे बच्चों के लिए दूध खत्म हो गया था। जब टीम वहां पहुंची तो बच्चों की मां भावुक होकर रोने लगी। उसकी परेशानी को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने तत्काल दस लीटर दूध की व्यवस्था की और आसपास के घरों तक भी पहुंचाया। इससे कई परिवारों को राहत मिली।

12 फीट गहरे पानी में डूबने लगे थे कार्यकर्ता

कार्यकर्ता अनिल मिश्रा ने बताया कि राहत सामग्री वितरण के दौरान टीम के सदस्य सत्यम तिवारी नाव से करीब 12 फीट गहरे पानी में गिरकर डूबने लगे थे। अन्य लोगों की मदद से किसी तरह उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, सतीश वर्मा ने बताया कि राशन वितरण के दौरान कई बार उनकी नाव गहरे पानी में पलटते-पलटते बची। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी और जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाते रहे।

सुनील सिंह ने बताया कि कई कार्यकर्ताओं ने लगातार कई दिनों तक बाढ़ पीड़ितों की मदद की। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता संक्रमण की चपेट में भी आ गए, लेकिन उन्होंने सेवा कार्यों के प्रति अपना समर्पण बनाए रखा। कार्यक्रम में प्रमोद चतुर्वेदी, प्रदीप शुक्ला, रामशरण सिंह, शैलेंद्र मौर्य, गौरव अवस्थी और शिवम श्रीवास्तव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी बाढ़ के दौरान राशन वितरण, राहत एवं बचाव अभियान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

समारोह में बाढ़ आपदा के दौरान नारंगी टीम के कार्यकर्ताओं और स्वैच्छिक सेवकों के योगदान को याद करते हुए उनके साहस, मानवीय संवेदना और सेवा भावना की सराहना की गई।