बड़े मंगल पर बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी में हुआ भंडारा

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। ज्येष्ठ मास के प्रथम बड़े मंगल के शुभ अवसर पर अलीगंज स्थित बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित आशीष त्रिपाठी के मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, आयुष जायसवाल, प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला तथा कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा मौजूद रहे।

पूजा-अर्चना के उपरांत विभिन्न शाखाओं से आई शिक्षक भजन मंडली द्वारा सात बार हनुमान चालीसा का पाठ एवं सुंदरकांड का सामूहिक गायन किया गया। भक्ति संगीत की इस प्रस्तुति ने पूरे परिसर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा पाठ प्रतियोगिता में बाल निकुंज विद्यालय डे-बोर्डिंग शाखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान बाल निकुंज इंटर कॉलेज ब्वॉयज विंग, तृतीय स्थान गर्ल्स विंग, चतुर्थ स्थान बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल पलटन छावनी शाखा तथा पंचम स्थान बाल निकुंज गर्ल्स एकेडमी अलीगंज शाखा को मिला।

कॉलेज प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल ने विजेताओं को क्रमशः ₹501, ₹451, ₹401, ₹351 एवं ₹301 की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। प्रसाद वितरण का शुभारंभ 51 कन्याओं के पूजन एवं भोज के साथ किया गया। इसके बाद देर शाम तक शिक्षकगण एवं श्रद्धालु महाबली हनुमान जी की कृपा से प्रसाद ग्रहण करते रहे।

इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधिका पुष्पा जायसवाल, प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल, कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, प्रधानाचार्या डॉ. अनूप कुमारी शुक्ला सहित सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य, इंचार्ज, शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। साथ ही क्षेत्र के बड़ी संख्या में भक्तों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया।