रोजगार सृजन के साथ औद्योगिकीकरण को नई दिशा देंगे निवेश : नन्द गोपाल गुप्ता

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से, औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ की अध्यक्षता में ‘इन्वेस्ट यूपी’ कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (LoC) से जुड़े आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई, ताकि राज्य में प्राप्त निवेश प्रस्तावों को तेजी से आगे बढ़ाकर उद्यमियों को त्वरित सुविधाएं प्रदान की जा सकें।

इस दौरान प्रमुख निवेश प्रस्तावों को ‘लेटर ऑफ कम्फर्ट’ (LoC) जारी करने की सिफारिश की गई। ये परियोजनाएं बरेली, फिरोजाबाद, वाराणसी, गौतम बुद्ध नगर और कानपुर देहात जैसे जिलों में स्थापित की जाएंगी और इनके माध्यम से 2,000 से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान है। 

प्रस्तावित परियोजनाओं में स्टील एवं आयरन कास्टिंग, मेडिकल डिवाइस, पीईटी प्रीफॉर्म, कैप्स एवं क्लोजर्स, ईवी चार्जर्स, बीईएसएस चार्जर्स, इलेक्ट्रिकल एनक्लोजर और सोलर स्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में विनिर्माण गतिविधियां शामिल हैं। जो राज्य के औद्योगिक इकोसिस्टम को और मजबूत करेंगी। साथ ही, इन परियोजनाओं को राज्य की औद्योगिक नीतियों के अनुरूप कैपिटल सब्सिडी और नेट SGST प्रतिपूर्ति जैसी प्रोत्साहन सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि ये निवेश न केवल रोजगार सृजन को बढ़ावा देंगे, बल्कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण को भी नई दिशा देंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और अनुमोदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से निवेश के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनकर उभर रहा है और राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में अपर मुख्य सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार सहित इन्वेस्ट यूपी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।