Thursday , June 25 2026

फाउण्डेशन ऑफ डेफ वुमेन : मूक-बधिरों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फाउण्डेशन ऑफ डेफ वुमेन द्वारा मदर्स डे के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मूक-बधिर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे मूक-बधिर न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल सकेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, विशिष्ट अतिथि जनविकास महासभा के अध्यक्ष पंकज तिवारी, महासभा के श्रम विभाग के सह-संयोजक बी.एन. मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित मूक-बधिर राजेश केतकर ने अपने संबोधन में उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के महत्व पर प्रकाश डाला।

बड़ोदरा से आए केसी दीपक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम मूक-बधिरों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें समाज में अपनी पहचान बनाने और मजबूती से खड़े रहने की दिशा भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में संस्था की चेयरपर्सन दिव्या शुक्ला ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले टीम सदस्यों मिनी गोपाल, राखी शुक्ला, अंशुल जैन, शबाना, लक्ष्मी, मनीषा रस्तोगी, राधा आदि का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी संस्था इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, ताकि समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो और मूक-बधिर समुदाय को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।