ऑस्ट्रेलिया के विरूद्ध हमने अच्छा खेला, लेकिन अब हमारा ध्यान जापान पर : पामेला कोंटी

नई दिल्ली : फुटबॉल टूर्नामेंट एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप में 21 साल बाद वापसी करने वाली भारतीय टीम को अपने पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद टीम का फोकस अगले मैच पर है, जिसे टीम जीतकर वापसी करना चाहती है। मुख्य कोच पामेला कोंटी ने कहा कि मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हमने अच्छा खेला, लेकिन अब हमारा ध्यान जापान के खिलाफ मैच पर है।अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) से बात करते हुए मुख्य कोच पामेला कोंटी ने माना कि मुकाबला कठिन था और ऑस्ट्रेलिया शारीरिक रूप से मजबूत टीम है। उन्होंने कहा कि टीम ने रक्षात्मक रूप से अच्छा प्रदर्शन किया। ज्यादा गोल न खाना महत्वपूर्ण था और अंत में जो गोल हुआ, वो हमारी अपनी गलतियों के कारण हुआ। हमें इसी क्षेत्र में काफी सुधार करने की जरूरत है।परिणाम के बावजूद उन्होंने रक्षात्मक दृष्टि से कुछ विशिष्ट सकारात्मक पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि इसमें कई सकारात्मक पहलू हैं। सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया ज्यादा गोल नहीं कर पाई। हमने बहुत अच्छी तरह से बचाव किया। सभी खिलाड़ियों ने जबरदस्त जोश और प्रतिबद्धता दिखाई। अब हमारा ध्यान जापान पर केंद्रित है।कोच ने कहा कि मुझे अपनी टीम पर बहुत गर्व है। हमने शानदार मैच खेला। ऑस्ट्रेलिया एक बहुत मजबूत टीम है। अब हमें जापान का सामना करना है, जो शायद और भी कठिन होगा। हमें खिलाड़ियों की शारीरिक स्थिति का भी ध्यान रखना होगा क्योंकि यह आसान नहीं होगा।मिडफील्डर थंदामोनी बास्के ने भी इस भावना को दोहराया। उन्होंने कहा कि यह हमारा पहला मैच था। मुझे लगता है कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन हम और भी बेहतर कर सकते थे। वे ज्यादा शॉट नहीं लगा पाए और जो एक गोल आखिर में उन्होंने किया वह भी हमारी गलती से हुआ। अभी हमारे पास मैच बाकी हैं, इसलिए हम और कड़ी मेहनत करेंगे और जीतने की कोशिश करेंगे।भारतीय टीम ने शनिवार को चीन के सूजौ स्थित सूजौ ताइहु फुटबॉल स्पोर्ट्स सेंटर पिच 8 में खेले गए ग्रुप बी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 0-2 से हार के साथ एएफसी अंडर-17 महिला एशियाई कप 2026 अभियान की शुरुआत की। भारत अब पांच मई को चार बार की चैंपियन जापान से भिड़ेगा, जिसके बाद आठ मई को उसका सामना लेबनान से होगा। —————