लखनऊ (शम्भू शरण वर्मा / टेलीस्कोप टुडे)। गुरुवार को घोषित काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) के परीक्षा परिणामों ने मेधावियों को बड़ी राहत दी। भीषण गर्मी के बीच आए नतीजों में अंकों की जमकर बरसात हुई, जिससे छात्रों के चेहरे खिल उठे।

ICSE (10वीं) और ISC (12वीं) परीक्षाओं में राजधानी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। रानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल स्कूल, सेक्टर-6 विकास नगर शाखा के छात्रों ने इस वर्ष भी उत्कृष्ट परिणाम देकर अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी।


ICSE (10वीं) परीक्षा में आरूषी ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। दिव्यांश वर्मा 96.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं ओम यादव, सानुज पुष्कर और शिखर पाण्डेय ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। आयुषी सिंह ने 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ तथा समर श्रीवास्तव ने 94.8 प्रतिशत अंकों के साथ पंचम स्थान प्राप्त किया।

वहीं ISC (12वीं) परीक्षा में प्रथम गुप्ता ने 97.75 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वैभव कश्यप 92 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहे। रुद्र प्रताप सिंह और रुद्राक्ष श्रीवास्तव ने 91.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। आदित्य कुमार शर्मा ने 90.5 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।

परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल बन गया। सभी मेधावी छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह, डायरेक्टर निर्मल टंडन, प्रिंसिपल रुचिता श्रीवास्तव एवं शिक्षकों ने मेधावियों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर बधाई दी। छात्रों ने भी अपने शिक्षकों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

संस्थापक प्रबंधक जयपाल सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इस उपलब्धि को छात्रों और शिक्षकों की संयुक्त मेहनत का परिणाम बताया। वहीं प्रिंसिपल रुचिता श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और लगन के साथ पढ़ाई करने का ही यह नतीजा है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों ने भी छात्रों की हर समस्या का सरलता से समाधान कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal