लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। राजधानी में बुधवार को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई। शहर के होटल ग्रांड जेबीआर में ‘वीजी पेजेंट्स लखनऊ’ का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान वीजी पेजेंट्स की टीम ने इस मंच के उद्देश्य और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी साझा की। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को आत्मविश्वास से भरना, उन्हें अपनी पहचान बनाने का अवसर देना और समाज में आगे बढ़ने के लिए एक सशक्त प्लेटफॉर्म प्रदान करना है।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में महिलाओं के लिए ऐसे मंच बेहद जरूरी हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और नए अवसरों तक पहुंच बना सकें। वीजी पेजेंट्स लखनऊ इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है, जो विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आगे आने के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिनीता श्रीवास्तव (संस्थापक और नेशनल डायरेक्टर, वीजी पेजेंट्स) ने कहा कि लखनऊ जैसे शहरों में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए सही दिशा और मंच देना बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह पहल महिलाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, अपनी पहचान बनाने और बड़े स्तर तक पहुंचने का अवसर देगी।

इस मौके पर डॉ विश्वास श्रीवास्तव (सीईओ, Visionara Global) ने कहा कि यह इस अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत देश के अलग-अलग शहरों में महिलाओं के लिए ऐसे मंच तैयार किए जा रहे हैं। लखनऊ में इस मंच का नेतृत्व मीनाक्षी वत्स और खुशबू चौधरी करेंगी, जिन्हें सिटी डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
पिछले 20 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ी मीनाक्षी वत्स ने कहा कि पेजेंट के अनुभव ने उन्हें महिलाओं को आगे बढ़ाने का एक नया उद्देश्य दिया। वह वर्ष 2025 में VG Mrs India Finesse की प्रथम रनर-अप रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह लखनऊ की महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और खुद पर विश्वास जगाने के लिए काम करेंगी।
वहीं खुशबू चौधरी ने बताया कि यह मंच महिलाओं को एक-दूसरे का सहयोग करते हुए आगे बढ़ने का अवसर देगा। आयोजकों के अनुसार, इस मंच के तहत मिस, मिसेज और मिसेज लखनऊ के लिए सिटी लेवल पेजेंट आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही किड्स और टीन फैशन शो, रनवे शो, ग्रूमिंग सेशन और प्रोफेशनल पोर्टफोलियो शूट्स भी कराए जाएंगे।
खास बात यह है कि यहां के विजेताओं को वीजी मिस एंड मिसेज इंडिया के राष्ट्रीय मंच पर जाने का अवसर मिलेगा, जो देश के प्रमुख ब्यूटी पेजेंट्स में से एक है।आयोजकों का कहना है कि यह मंच केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि महिलाओं के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने पर केंद्रित है।
इस पहल के साथ लखनऊ भी उन शहरों में शामिल हो रहा है, जहां महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने के लिए एक मजबूत मंच दिया जा रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal