Tuesday , September 29 2026

आईपीएल 2026: अंगकृष रघुवंशी पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना, एक डिमेरिट अंक भी मिला

नई दिल्ली : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 38वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाज और विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।रघुवंशी पर उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।यह कार्रवाई आईपीएल की आचार संहिता के स्तर एक के उल्लंघन के तहत की गई है। रघुवंशी को अनुच्छेद 2.2 का दोषी पाया गया, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों या मैदान से जुड़े सामान के दुरुपयोग से संबंधित है।यह घटना पारी के पांचवें ओवर में हुई, जब रघुवंशी को ‘ऑब्सट्रक्टिंग द फिल्ड’ के कारण आउट दिया गया। इसके बाद उन्होंने गुस्से में बल्ले से बाउंड्री कुशन पर प्रहार किया और फिर अपना हेलमेट भी आक्रामक तरीके से डगआउट की ओर फेंक दिया।रघुवंशी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।