Sunday , April 26 2026

परंपरा और सामाजिक सरोकार के संग 151 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। मानव एकता एसोसिएशन के तत्वावधान में श्रीराम लीला एवं दशहरा पार्क, एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड पर आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह में 151 कन्याएं वैवाहिक जीवन की डोर में बंध गईं। भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के बीच नवविवाहित जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की।

समारोह में सभी दूल्हे बैण्डबाजों के साथ विवाह स्थल पर पहुंचे, जहां उनकी जीवनसंगिनियां पहले से ही इंतजार कर रही थीं। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार द्वारचार के बाद जयमाल की रस्म अदा की गई। इसके पश्चात मंडप में विधिवत विवाह संस्कार सम्पन्न कराए गए। देर शाम सभी नवविवाहित जोड़े अपने-अपने जीवनसाथियों के साथ नई जिंदगी की शुरुआत के लिए विदा हुए।

इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों ने समाज में सकारात्मक संदेश देते हुए कन्या भ्रूण हत्या न करने तथा नशामुक्ति अपनाने का संकल्प भी लिया। समारोह में सामाजिक समरसता और एकता का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष एलपी सिंह, संरक्षक गौरव वर्मा, समाजसेवी एवं अधिवक्ता मोहित मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं आमजन उपस्थित रहे। समारोह के समापन पर एसोसिएशन के अध्यक्ष एलपी सिंह ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया और आगामी वर्ष इससे भी अधिक जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने का संकल्प लिया।