लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज में शनिवार को परिषदीय पुरस्कार वितरण समारोह भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों की छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छात्रसंघ के अंतर्गत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव पदों पर आसीन छात्राओं के साथ-साथ वर्षभर आयोजित भाषण, वाद-विवाद, चार्ट मेकिंग एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर रश्मि बिश्नोई ने कहा कि परिषद छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा पूर्ण करने के बाद देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का संचालन परिषद प्रभारी डॉ. श्वेता भारद्वाज ने किया, जबकि सह-संयोजन की जिम्मेदारी डॉ. रश्मि अग्रवाल, डॉ. पारुल मिश्र एवं डॉ. जितेंद्र दुबे ने निभाई।

इसी क्रम में बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए फेयरवेल समारोह का भी आयोजन किया गया। छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंग भर दिए। प्राचार्य ने विदाई ले रही छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने महाविद्यालय से जुड़ी स्मृतियों को सदैव संजोकर रखें।
फेयरवेल पार्टी के दौरान आयोजित ब्यूटी कॉन्टेस्ट में सुहानी को ‘मिस फेयरवेल’ चुना गया, जबकि तेजस्विनी प्रथम रनर-अप और वर्षा द्वितीय रनर-अप रहीं। अंत में प्राचार्य प्रो. रश्मि बिश्नोई सहित समस्त शिक्षकों ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal