Thursday , August 6 2026

बंसल इंस्टीट्यूट : ICSEAIS 2026 में सतत इंजीनियरिंग और AI पर हुआ मंथन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बंसल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी द्वारा 24 एवं 25 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “सतत इंजीनियरिंग एवं एआई समाधान (ICSEAIS 2026)” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। जिसे डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय द्वारा प्रायोजित किया गया। इस सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मुख्य अतिथि प्रो. वी. के. सिंह (पूर्व कुलपति) ने दीप प्रज्वलन कर सम्मेलन का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने सतत विकास एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।

सम्मेलन के दौरान विभिन्न तकनीकी सत्रों, प्लेनरी (Keynote) व्याख्यानों एवं शोध पत्र प्रस्तुतियों का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में प्राप्त शोध पत्रों में से चयनित शोध पत्रों को विभिन्न समानांतर सत्रों में प्रस्तुत किया गया। जिनमें मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, IoT, स्मार्ट सिस्टम, ग्रीन एनर्जी एवं सतत विकास जैसे विषय शामिल रहे।

सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण इसके की-नोट / प्लेनरी वक्ता रहे। जिनमें डॉ. अनुज कुमार शर्मा (AKTU), प्रो. अक्षय कुमार साहा (University of KwaZulu-Natal, दक्षिण अफ्रीका), प्रो. नंद किशोर (Østfold University College, नॉर्वे), इंजीनियर श्याम कृष्ण पांडेय (ISRO, लखनऊ) शामिल थे।

दोनों दिनों में संस्थान के विभिन्न स्थलों सेमिनार हॉल, कॉन्फ्रेंस हॉल, आईटी लाइब्रेरी एवं विभागीय कक्षों में तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। जिनमें शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. आशीष कुमार सिंह (एमएनआईटी, प्रयागराज) ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए शोध एवं नवाचार को भविष्य की आवश्यकता बताया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शोध पत्रों एवं श्रेष्ठ प्रस्तुतियों को सम्मानित किया गया।

सम्मेलन के सफल आयोजन में संरक्षक मंडल का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। जिसमें प्रो. जे. पी. पांडेय (कुलपति, AKTU) एवं जी. एस. अग्रवाल (अध्यक्ष, बंसल समूह) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस सम्मेलन का सफल संचालन कॉन्फ्रेंस चेयर प्रो. सुशील कुमार अग्रवाल (निदेशक, BIET, लखनऊ) के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

आयोजन अध्यक्ष के रूप में डॉ. रचित श्रीवास्तव (डीन R&D, BIET, लखनऊ) एवं डॉ. अरुण कुमार यादव (विभागाध्यक्ष, विद्युत अभियांत्रिकी विभाग, BIET, लखनऊ) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही, सम्मेलन के संयोजक (Convenor) के रूप में आर. पी. सिंह (डीन, स्टूडेंट वेलफेयर, BIET, लखनऊ) ने समन्वय एवं आयोजन प्रबंधन में सराहनीय योगदान दिया।

सम्मेलन के तकनीकी कार्यक्रम समिति में IIT, IIIT, MNNIT, MMMUT सहित देश-विदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने शोध पत्रों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में योगदान दिया। इसके अतिरिक्त स्थानीय आयोजन समिति, मीडिया समिति, पंजीकरण एवं स्वागत समिति तथा स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सराहनीय भूमिका निभाई।