लखनऊ : रिपब्लिक पार्टी ऑफ ंइण्डिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री रामदास अठावले ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। अठावले ने कहा कि ममता दीदी ने देश के सबसे समृद्ध राज्य बंगाल को कंगाल कर दिया है। उनके शासन से परेशान होकर वहां की जनता ने बदलाव के लिए भाजपा के पक्ष में रिकाॅर्ड मतदान किया है। इस बार वहां पर भाजपा की सरकार बननी तय है। वह शनिवार को कैसरबाग स्थित गाँधी प्रेक्षागृह में आयोजित ‘महिला कार्यकर्ता सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे।जनसभा को संबोधित करते हुए रामदास आठवले ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए महिलाओं को जागरूक किया और बताया कि किस प्रकार इन योजनाओं का लाभ उठाकर वे अपने जीवन स्तर को बेहतर और आत्मनिर्भर बना सकती हैं।कार्यक्रम में मौजूद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय सिन्हा ने महिलाओं के प्रति पार्टी की अटूट प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आरपीआई का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं को अंतिम पायदान पर खड़ी महिला तक पहुँचाने का कार्य करेगा।प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए संविधान की शक्ति और मताधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों के प्रति रणनीति साझा करते हुए संकल्प लिया कि पार्टी प्रदेश में उत्कृष्ट परिणाम देगी।इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष आर. के. गौतम, मीडिया प्रभारी डॉ. एस.पी. सिंह, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मंगलेश शुक्ला, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष रूचि शुक्ला, सरोज पांडे, रीना राजपूत और टुकुल विश्वास सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal